बलिया
नीलगाय की टक्कर से शिक्षक गंभीर घायल, प्राथमिक उपचार के बाद छपरा रेफर
मांझी-बैरिया मार्ग पर नौका टोला के पास हादसा, अचानक सड़क पर आई नीलगाय से बाइक टकराने से हुआ दुर्घटना
बैरिया (बलिया)। मांझी-बैरिया मार्ग पर नौका टोला के समीप सोमवार देर शाम नीलगाय की चपेट में आने से बाइक सवार 56 वर्षीय शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के मांझी बाजार निवासी शिक्षक तारकेश्वर नंद तिवारी किसी परिचित से मिलने दिन में बैरिया आए थे। सोमवार देर शाम वह बाइक से वापस अपने घर मांझी लौट रहे थे। इसी दौरान नौका टोला के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। बाइक नीलगाय से टकरा गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरिया पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए परिजन और शिक्षक के अनुरोध पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए छपरा रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नीलगायों की संख्या बढ़ने से सड़क हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। अचानक सड़क पर नीलगायों के आ जाने से वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
