गाजीपुर
एनएच-31 पर बालू लदा ट्रक खराब, 5 किमी तक लगा भीषण जाम
रात से ठप रहा आवागमन, 12 घंटे तक रेंगते रहे वाहन; पुलिस ने संभाली व्यवस्था
भांवरकोल (गाजीपुर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर भांवरकोल क्षेत्र में बीती रात से लगा भीषण जाम मंगलवार दोपहर तक वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना रहा। मिर्जापुर चट्टी के पास सड़क पर बालू लदा 12 चक्का ट्रक खराब हो जाने के कारण दोनों ओर करीब चार से पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब 12 से 14 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आए।
जानकारी के अनुसार, बिहार से गोरखपुर की ओर बालू लेकर जा रहा ट्रक सोमवार रात करीब 12 बजे मिर्जापुर चट्टी के पास पहुंचा। सड़क किनारे पहले से गिरे पीपल के पेड़ के पास पहुंचते ही ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई और वह राजमार्ग के बीच में खड़ा हो गया। ट्रक चालक विशाल यादव के मुताबिक खराबी के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका, जिससे धीरे-धीरे जाम की स्थिति गंभीर होती चली गई।
भोर तक जाम कई किलोमीटर तक फैल गया। मखदूमपुर से लेकर करीब चार-पांच किलोमीटर के दायरे में वाहन फंस गए। दोपहर एक बजे तक छोटे-बड़े वाहन रेंगते हुए निकलते रहे। जाम के कारण यात्रियों, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर भांवरकोल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिसकर्मियों ने प्रयास कर छोटे-बड़े वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाना शुरू किया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। खराब ट्रक को हटाने के लिए क्रेन मंगाई जा रही है। ट्रक हटते ही मार्ग को पूरी तरह खाली कराकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है।
