Connect with us

गाजीपुर

काशीराम कॉलोनी में कूड़े का अंबार

Published

on

Loading...
Loading...

गुस्साए लोगों ने पालिका की गाड़ी रोककर लगाया जाम

तहसील पहुंचकर दिया धरना, कूड़ा डंपिंग पर रोक और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग

जमानियां। आदर्श नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था को लेकर स्टेशन बाजार स्थित काशीराम आवासीय कॉलोनी के लोगों का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। कॉलोनी के आसपास लंबे समय से कूड़ा डंप किए जाने से नाराज लोगों ने कूड़ा लेकर पहुंची नगर पालिका की गाड़ी को बीच सड़क पर रोक दिया और विरोध में जाम लगा दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जाम की सूचना मिलते ही स्टेशन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हुई। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि आवासीय क्षेत्र के आसपास लगातार कूड़ा गिराया जा रहा है, जिससे धीरे-धीरे यह स्थान अघोषित डंपिंग ग्राउंड में तब्दील हो गया है।

Advertisement

लोगों ने बताया कि जगह-जगह जमा कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। गंदगी के बीच मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। उनका कहना है कि कूड़े का ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका स्तर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।

समस्या से परेशान कॉलोनीवासियों ने बाद में तहसील मुख्यालय पहुंचकर धरना दिया और नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने तहसीलदार जितेंद्र कुमार को शिकायती पत्र सौंपते हुए आवासीय कॉलोनी के आसपास कूड़ा डंप करने पर तत्काल रोक लगाने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देने को मजबूर होंगे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page