गोरखपुर
गोरखपुर के कमलेश यादव को सपा ने दी राष्ट्रीय जिम्मेदारी, बने राष्ट्रीय सचिव
एमएलसी टिकट बदलने के बाद राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी, शिक्षक नेता का पार्टी में बढ़ा कद
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी ने गोरखपुर के वरिष्ठ नेता एवं शिक्षक नेता कमलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किया है। सोमवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के निजी सचिव गंगाराम की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया। राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद गोरखपुर की सियासत में कमलेश यादव की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कमलेश यादव को हाल ही में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था। लेकिन 3 अक्टूबर को पार्टी ने भाजपा से सपा में आए डॉ. संजयन त्रिपाठी को इस सीट से नया प्रत्याशी घोषित कर दिया। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया था कि दोनों पूर्व प्रत्याशियों की सहमति और सहयोग से यह बदलाव किया गया है।
टिकट बदला, संगठन में मिली बड़ी जिम्मेदारी
टिकट बदलने के बाद कमलेश यादव को संगठन में सम्मानजनक जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा थी। अब उन्हें राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने से पार्टी में उनकी भूमिका स्थानीय राजनीति से बढ़कर राष्ट्रीय संगठन तक पहुंच गई है। राजनीतिक रूप से इसे पार्टी नेतृत्व की ओर से उनके योगदान को महत्व देने के तौर पर देखा जा रहा है।
बिछिया निवासी कमलेश यादव लंबे समय से शिक्षक हितों और सामाजिक-संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। शिक्षक राजनीति में सक्रियता के चलते उन्हें पहले गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से सपा प्रत्याशी बनाया गया था। राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने से संगठन में उनका दायरा और प्रभाव बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
2027 के पहले गोरखपुर में संगठनात्मक बदलाव
कमलेश यादव को राष्ट्रीय पद ऐसे समय मिला है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं। सपा ने हाल के दिनों में गोरखपुर में संगठनात्मक स्तर पर भी कई बदलाव किए हैं। ऐसे में कमलेश यादव को राष्ट्रीय जिम्मेदारी मिलना पार्टी की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नेताओं ने दी बधाई
कमलेश यादव के राष्ट्रीय सचिव मनोनीत होने पर सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी, गोपाल यादव, जगदीश यादव, चंद्रबली यादव, डॉ. मोहसिन खान, अवधेश यादव, प्रहलाद यादव, रजनीश यादव, नगीना प्रसाद साहनी, पूर्व विधायक राजमती निषाद, विनय शंकर तिवारी, विजय बहादुर यादव, काजल निषाद सहित अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।
