Connect with us

गाजीपुर

बहरियाबाद बाजार में मूलभूत सुविधाओं का टोटा, व्यापारियों ने उठाई समस्याएं

Published

on

Loading...
Loading...

500 से अधिक व्यापारियों वाले बाजार में शौचालय, पेयजल, नाली, बिजली, सफाई, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी की मांग

बहरियाबाद (गाजीपुर)। भारतीय आदर्श व्यापार मंडल बहरियाबाद के तत्वावधान में व्यापार सुरक्षा संवाद का आयोजन अध्यक्ष आशीष सहाय की अध्यक्षता में संतोष मद्धेशिया की दुकान के पास किया गया। संवाद में बहरियाबाद बाजार के बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित व्यापारियों ने हिस्सा लेकर बाजार की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

कार्यक्रम में भारतीय आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अनीस अहमद, जिला सह प्रभारी संतोष कुमार वर्मा और जिला महिला शक्ति प्रकोष्ठ की जिला महामंत्री कंचन रावत सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष अनीस अहमद ने कहा कि व्यापारी अनेक समस्याओं और कठिनाइयों से जूझ रहे हैं, जिसके कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों के साथ किसी भी स्तर पर सौतेला व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने जनपद के व्यापारियों से संगठन से जुड़कर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर प्रयास करने की अपील की।

व्यापार सुरक्षा संवाद के दौरान अध्यक्ष आशीष सहाय समेत व्यापारियों ने बताया कि 500 से अधिक व्यापारियों वाले बहरियाबाद बाजार में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। बाजार में शौचालय, पेयजल, नाली, सफाई, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

Advertisement

व्यापारियों ने बताया कि बाजार में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने से दुकानदारों को अंधेरे में कारोबार करना पड़ता है। बिजली की समस्या के कारण कई औद्योगिक प्रतिष्ठान धीरे-धीरे बंद हो रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को खरीदारी के लिए दूसरे बाजारों पर निर्भर होना पड़ रहा है।

पानी टंकी तिराहे से परमानपुर मार्ग पर बनी नाली पर ढक्कन नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या बनी रहती है। इसके चलते लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर होते हैं, जिससे यातायात भी प्रभावित होता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से परेशानी बढ़ रही है। बाजार में ग्राहकों के लिए पेयजल और शौचालय की सुविधा नहीं होने से भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइट के अभाव में शाम के समय बाजार में आने वाले ग्राहकों को परेशानी होती है।

इस अवसर पर व्यापार मंडल की ओर से दिवाकर कुशवाहा, विशाल यादव, राम मूरत विश्वकर्मा, रामबचन और मुनौव्वर अंसारी को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

बैठक में संतोष मद्धेशिया, उपेंद्र कुशवाहा, प्रमोद गुप्ता, अंगद, अभय मद्धेशिया, पंकज मौर्या, राजू बैग वाले, राजेंद्र गुप्ता, दिलीप मद्धेशिया, बुल्लु मद्धेशिया, मुकेश सेठ, विपिन सेठ, विशाल सेठ, राजू सेठ, हरिलाल यादव, चंदा गुप्ता, निलेश सोनकर, मंगल कुरैशी, रमेश मौर्य, विशाल बरनवाल, विनोद गुप्ता, सनी श्रीवास्तव, मुकुंद मौर्य, रविशंकर, रहमान इदरीसी उर्फ बेचू, मुन्नीलाल कुशवाहा समेत दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page