राज्य-राजधानी
रक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति में रवि किशन को फिर मिली जिम्मेदारी
राष्ट्रीय सुरक्षा, स्वदेशी रक्षा उत्पादन और जवानों के कल्याण से जुड़े मुद्दों को उठाने पर रहेगा जोर
गोरखपुर (जयदेश)। गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ल को रक्षा मंत्रालय संबंधी संसदीय स्थायी समिति में पुनः सदस्य बनाया गया है। इस जिम्मेदारी को लेकर उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
रक्षा मंत्रालय से संबंधित इस समिति के अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह हैं। समिति में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद शामिल हैं, जिनमें राहुल गांधी, कार्ति पी. चिदंबरम, महुआ मोइत्रा और डॉ. सुधांशु त्रिवेदी प्रमुख हैं।
सांसद रवि किशन ने कहा कि समिति में दोबारा सदस्य के रूप में कार्य करना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे समिति के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, स्वदेशी रक्षा उत्पादन और सैनिकों के कल्याण से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश की सुरक्षा मजबूत करने के साथ जवानों की आवश्यकताओं, सुविधाओं और सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना उनका उद्देश्य रहेगा।
