गाजीपुर
टूटी पुलिया की समस्या दूर करने की पहल, नाले पर पहुंची नई पुलिया
डीएम के निर्देश पर बीडीओ ने कराई कार्रवाई, कई गांवों के लोगों को मिलेगी राहत
बहरियाबाद, गाजीपुर (जयदेश)। क्षेत्र के चकफरीद गांव में जल निकासी नाले पर लगी पुलिया टूटने से परेशान ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों ने मौके पर नई पुलिया पहुंचवा दी है। नाले का पानी कम होने के बाद इसे स्थापित करने का कार्य किया जाएगा।
बताया जाता है कि इस नाले से करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र का बरसाती पानी उदंती नदी में जाता है। पुलिया टूटने से जलभराव की स्थिति बन गई थी और लोगों का आवागमन बाधित हो रहा था। इब्राहिमपुर, भभौरा, अहिआई, अकबरपुर और चौराहापार समेत कई गांवों के लोगों को बहरियाबाद बाजार जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा था। टूटे हिस्से से गुजरते समय कई लोग गिरकर घायल भी हुए।
समाजसेवी नवीन चौहान ने समस्या को लेकर अधिकारियों से शिकायत की थी। उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर ग्रामीणों की परेशानी बताई। इसके बाद डीएम ने खंड विकास अधिकारी सादात को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम विकास अधिकारी अनुज कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। नई पुलिया पहुंचने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
