गाजीपुर
सिद्धनाथ धाम में श्रद्धा के साथ मनाया गया जीवित्पुत्रिका पर्व
संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना से महिलाओं ने की पूजा-अर्चना
सिधौना, गाजीपुर। सिधौना स्थित सिद्धनाथ महादेव धाम परिसर में शुक्रवार को जीवित्पुत्रिका पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं ने संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजन सामग्री लेकर पहुंचीं महिलाएं
महिलाओं ने नारियल, फल, फूल, केला, खीरा और दीपक सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों के साथ विधि-विधान से पूजा की। कई महिलाएं समूह में बैठकर अनुष्ठान करती नजर आईं। भगवान शिव का पूजन कर महिलाओं ने अपनी संतान के मंगलमय जीवन की कामना की।
धाम परिसर में बना रहा धार्मिक माहौल
पर्व को लेकर आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं सिद्धनाथ महादेव धाम पहुंचीं। पूजा के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, हर वर्ष जीवित्पुत्रिका पर्व पर क्षेत्र की महिलाएं यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करती हैं। इस बार भी महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
