मिर्ज़ापुर
नदी किनारे गंदगी का अंबार, दुर्गंध से राहगीर परेशान
राजगढ़ (मीरजापुर)। विकास खंड राजगढ़ के नदीहार ग्राम पंचायत में बकहर नदी के पास जगह-जगह गंदगी और प्लास्टिक कचरे का अंबार लगा हुआ है। कचरे में बरसात का पानी जमा होने से आसपास दुर्गंध फैल रही है, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण स्थिति बदहाल बनी हुई है।
वहीं, नदीहार तिराहे के पास स्थित सरकारी शौचालय के आसपास भी गंदगी का अंबार लगा है। कूड़ा-कचरा जमा होने के कारण लोगों को शौचालय के उपयोग में भी असुविधा हो रही है। नदीहार तिराहा प्रमुख बाजार होने के कारण यहां आने-जाने वाले ग्रामीणों और राहगीरों को दुर्गंध व गंदगी से परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
एक ओर सरकार की ओर से स्वच्छता ही सेवा और स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांवों, बाजारों, नदी किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं नदीहार में सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति इन अभियानों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द सफाई कराने की मांग की है।
इस संबंध में डीपीआरओ मीरजापुर राम उदय यादव ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
