भदोही
विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक
डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्था पूरी करने के निर्देश, मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण पर जोर
भदोही। विधान परिषद वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में प्रभारी अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सौंपे गए निर्वाचन संबंधी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
स्टेशनरी और वाहनों की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने स्टेशनरी प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला पंचायत को मतदान पार्टियों के लिए आवश्यक स्टेशनरी की पैकिंग और अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने को कहा। एआरटीओ/प्रभारी यातायात को मतदान कार्मिकों की संख्या के अनुसार पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मतदान केंद्रों का रोडमैप तैयार करें
सभी उप जिलाधिकारियों को मतदाता सूची का मिलान कर कार्य प्रति और निर्वाचन प्रति तैयार कराने तथा मतदान केंद्रों का रोडमैप समय से तैयार करने को कहा गया। खंड विकास अधिकारियों को निर्वाचन के लिए उपयोग होने वाले कक्षों की साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण समय से हो
जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों की तैनाती के साथ उनके प्रशिक्षण की प्रक्रिया भी निर्धारित समय में पूरी कराने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला, सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
