वाराणसी
संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रहा विपक्ष: प्रदीप अग्रहरि
भाजपा महानगर अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर लगाए आरोप, एसआईआर और चुनाव आयोग के फैसलों को लेकर रखी पार्टी की बात
वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने सोमवार को गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी राजनीतिक असफलताओं को छिपाने के लिए चुनाव आयोग और अन्य संस्थाओं पर आरोप लगा रहा है।
प्रदीप अग्रहरि ने 26 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी की बैठक के बाद जारी चुनाव आयोग के बयान का हवाला दिया। आयोग ने कहा था कि एसआईआर से जुड़े आदेशों समेत संबंधित निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए थे।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र को लेकर भी आयोग ने स्पष्ट किया है कि वह किसी नीतिगत विषय या एसआईआर से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रशासनिक प्रकृति का मामला था। प्रेस वार्ता में उन्होंने फॉर्म-6 को लेकर भी विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
एसआईआर के कानूनी आधार का उल्लेख करते हुए अग्रहरि ने कहा कि 27 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण की वैधता को बरकरार रखा था। न्यायालय ने इसे संविधान के अनुच्छेद 324 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 21(3) के तहत आयोग के अधिकार क्षेत्र में माना था।
भाजपा नेता ने कांग्रेस नेतृत्व पर पूर्व में ईवीएम, राफेल, सीएजी, सर्जिकल स्ट्राइक और न्यायपालिका से जुड़े मामलों में सवाल उठाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष को अपनी बात तथ्यों के आधार पर रखनी चाहिए।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष राम सकल पटेल और महानगर मीडिया प्रभारी प्रमील पाण्डेय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
