Connect with us

वाराणसी

मिर्जामुराद में तीन भारी वाहनों की भीषण भिड़ंत, चालक समेत तीन गंभीर

Published

on

Loading...
Loading...

डीजल भरवाने के लिए मुड़ रहे ट्रक में पीछे से भिड़ा दूसरा ट्रक, फिर ट्रेलर ने मारी टक्कर; दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर खजूरी चौकी के समीप भारत पेट्रोलियम पंप के पास तीन भारी वाहनों की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

डीजल भरवाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहा एक ट्रक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के लिए मुड़ रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा दूसरा ट्रक अनियंत्रित होकर उससे जा टकराया। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहा एक भारी ट्रेलर भी दूसरी ट्रक में जा घुसा।

तीनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

Advertisement

केबिन में फंसा चालक, दो घंटे चला रेस्क्यू

टक्कर के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची।

केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्रेन की मदद ली। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका।

तीनों घायलों को अस्पताल में कराया भर्ती

हादसे में ट्रेलर चालक रफीक (35) घायल हो गया। इसके अलावा आगे चल रहे दोनों ट्रकों के चालक भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page