Connect with us

गाजीपुर

अंजलि की आवाज बनी उम्मीद, पढ़ाई के सपनों को मिला सहारा

Published

on

Loading...
Loading...

साइकिल, पढ़ाई की सामग्री और कोचिंग का खर्च उठाने को आगे आए लोग, समाजसेवी राजा सिंह ने भी बढ़ाया सहयोग का हाथ

खानपुर (गाजीपुर)। सरकारी स्कूल में कक्षा सात में पढ़ने वाली छात्रा अंजलि कश्यप की शिक्षा को लेकर कही गई बात सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंची तो उसकी मदद के लिए कई हाथ आगे आए। आर्थिक कठिनाइयों के बीच पढ़ाई जारी रखने का प्रयास कर रही अंजलि को अब साइकिल, कपड़े, कॉपी-किताब और पेन सहित कोचिंग की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।

अंजलि की अपील से प्रभावित होकर परी की ज्योति किन्नर ने उसे साइकिल, कपड़े और पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। साथ ही अंजलि जिस कोचिंग में पढ़ना चाहेगी, वहां उसकी पढ़ाई का खर्च उठाने की पहल भी की गई है। इससे स्कूल और कोचिंग तक आने-जाने में उसकी सुविधा बढ़ेगी और पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी।

अंजलि की मदद के प्रयास में विवेक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा विपिन मौर्या, धर्मेंद्र गुप्ता, विकास मौर्या, विशाल कश्यप और समाजसेवी राजा सिंह सहित अन्य लोगों ने भी सहयोग का हाथ बढ़ाया है।

अंजलि की मां नंदनी कश्यप पिछले करीब एक वर्ष से सरकारी स्कूल में रसोइया के रूप में कार्य कर रही हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और उनके पास अपना आवास भी नहीं है। घर में शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा का भी अभाव है। सीमित संसाधनों के बावजूद नंदनी अपनी बेटी की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए प्रयास कर रही हैं।

Advertisement

अंजलि ने सोशल मीडिया पर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के भविष्य को लेकर अपनी बात रखी थी। उसने व्यवस्था में सुधार और गरीब परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलने की बात कही थी। उसकी यह बात लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी और इसके बाद उसकी मदद के लिए कई लोग आगे आए।

अब साइकिल, शैक्षिक सामग्री और कोचिंग की सुविधा मिलने से अंजलि के लिए पढ़ाई जारी रखने की राह कुछ आसान हुई है। लोगों का यह सहयोग उसके शिक्षा के सपने को आगे बढ़ाने में सहारा बन रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page