Connect with us

गाजीपुर

नुक्कड़ नाटक के दौरान मारपीट के मामले में पांच के खिलाफ मुकदमा

Published

on

Loading...
Loading...

भाजपा जिलाध्यक्ष ने पीड़ित से मिलकर ली घटना की जानकारी, पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

सिधौना (गाजीपुर)। सिधौना में भाजपा की ओर से आयोजित नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ता के साथ मारपीट और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय पीड़ित संदीप यादव के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली।

बताया गया कि शनिवार को सिधौना में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से सरकार की योजनाओं और विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान कार्यक्रम स्थल के पास खड़ी एक कार को हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कार सवार लोगों ने भाजपा कार्यकर्ता संदीप यादव के साथ मारपीट की।

आरोप यह भी है कि विवाद के दौरान कलाकारों की ओर कार चढ़ाने का प्रयास किया गया। बीच-बचाव के दौरान दोबारा मारपीट हुई और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। घटना के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय पीड़ित के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने खानपुर थानाध्यक्ष और सिधौना चौकी प्रभारी को मौके पर बुलाकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

Advertisement

ओम प्रकाश राय ने कहा कि संगठन अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर पुलिस से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा जताई।

इस दौरान दयाशंकर पांडेय, मार्कंडेय चौहान, अरुण सिंह, अखिलेश कुशवाहा, विजय यादव, श्याम कुँवर मौर्य, विनोद प्रजापति, धनंजय चौबे, संतोष भारद्वाज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page