गोरखपुर
तीन दिन से सूर्यदेव के दर्शन नहीं, बारिश और तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सितंबर के आखिर में लगातार बारिश से धान की फसल प्रभावित, तिल-उड़द और मक्का पर भी पड़ रहा असर
संतकबीरनगर। सितंबर महीने के आखिरी दिनों में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। तीन दिन से आसमान में बादल छाए रहने के कारण सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए हैं। लगातार बारिश ने लोगों को करीब दो दशक पहले सितंबर में होने वाली बारिश की याद दिला दी है।
इस बार जुलाई और अगस्त में सामान्य और औसत बारिश होने के बाद सितंबर के अंत में मौसम ने अचानक करवट ली है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण अब खेतों में खड़ी धान की फसल पर भी असर पड़ने लगा है। कई स्थानों पर धान की फसल गिरने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है।
वहीं, लगभग पककर तैयार तिल, उड़द और मक्का की फसलों पर भी लगातार बारिश का विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। खेतों में पानी और नमी बढ़ने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश का दौर जारी रहने पर तैयार फसलों को और नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
लगातार खराब मौसम के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। तेज हवाओं और बारिश से लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। किसान खेतों में खड़ी फसलों को लेकर चिंतित हैं और मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में फिलहाल मौसम में सुधार के संकेत नहीं हैं। ऐसे में किसानों को आने वाले दिनों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
