गाजीपुर
अर्नब तूफान के प्रभाव से तेज हवा-बारिश में भीमापार व मिर्जापुर की बिजली व्यवस्था ध्वस्त
देर रात से विद्युत आपूर्ति ठप, जगह-जगह खंभों और तारों पर गिरे पेड़; बहाली में लग सकता है समय
जयदेश-भीमापार। अर्नब तूफान के प्रभाव से शुक्रवार देर रात और शनिवार को दिनभर तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने भीमापार और मिर्जापुर विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवा के कारण कई स्थानों पर विद्युत खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों पर पेड़ गिर गए। इससे कई विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और अधिकांश फीडरों से जुड़े दर्जनों गांवों में देर रात से बिजली आपूर्ति ठप है।

जानकारी के अनुसार बड़ागांव और पक्खनपुर फीडर से जुड़े दर्जनों गांवों में विद्युत लाइनों पर पेड़ गिरने और तार टूटने से आपूर्ति बाधित है। बड़ागांव फीडर के बिजरवा गांव के पास तथा मखदुमपुर-बासही के पास 11 केवी मुख्य लाइन पर पेड़ गिरने से विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके अलावा क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर भी विद्युत खंभे गिरने और तार टूटने की सूचना है।
बिजली गुल होने से पेयजल संकट
लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। ग्रामीणों के अनुसार घरेलू कार्यों के साथ-साथ पानी की व्यवस्था में भी दिक्कत हो रही है।

विद्युत विभाग के कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर गिरे पेड़ों को काटकर हटाने और क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की मरम्मत में जुटे हैं। हालांकि, कई स्थानों पर लाइनें क्षतिग्रस्त होने के कारण विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल होने में अभी समय लगने की संभावना है।
33 केवी मुख्य लाइन भी ब्रेकडाउन
कनिष्ठ अभियंता इंदल कुमार ने बताया कि फिलहाल 33 केवी मुख्य लाइन भी ब्रेकडाउन में है। मुख्य लाइन में फाल्ट की लोकेशन अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। शटडाउन लेकर फाल्ट का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर पेड़ गिरने से विद्युत लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं और उन्हें दुरुस्त करने का कार्य लगातार जारी है। हालांकि, विद्युत आपूर्ति पूरी तरह कब तक बहाल हो सकेगी, इस संबंध में फिलहाल कोई निश्चित समय नहीं बताया गया है।
