जौनपुर
चित्रकला प्रतियोगिता में सुष्मिता ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर हुई प्रतियोगिता
डोभी/जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान और सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक संसाधन केंद्र डोभी के सभागार में ‘विकसित भारत 2047 : मेरे सपनों का भारत’ विषय पर ब्लॉक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी डोभी रमाकांत सिंह के नेतृत्व में हुआ।
बच्चों ने चित्रों में उकेरी विकसित भारत की कल्पना
प्रतियोगिता में ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी चित्रकारी के माध्यम से स्वच्छ भारत, शिक्षित भारत, स्वस्थ भारत, सशक्त भारत, समावेशी भारत और हरित भारत की कल्पना को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।
सुष्मिता प्रथम, अदीबा द्वितीय और महिमा तृतीय
प्रतियोगिता में पीएम श्री अमरौना की छात्रा सुष्मिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय डोभी की अदीबा द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय कनौरा की महिमा ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा को सराहा
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. नृपेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी अरविंद यादव तथा डोभी के सभी एआरपी की मौजूदगी में हुआ। डॉ. नृपेंद्र सिंह ने बच्चों और शिक्षकों का मार्गदर्शन करते हुए देश के विकास में बच्चों की भूमिका पर प्रकाश डाला। अतिथियों ने बच्चों की कलाकृतियों का अवलोकन कर सराहना की।
आज की सोच बनेगी विकसित भारत का आधार
खंड विकास अधिकारी अरविंद यादव ने कहा कि आज की सोच ही कल के विकसित भारत का आधार बनेगी। उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। मंच का संचालन सतीश कुमार यादव ने किया।
