जौनपुर
गौसपीर उर्स में उमड़ी भीड़, तिघरा से इमामपुर तक लगा जाम
हजारों जायरीनों के पहुंचने से चरमराई यातायात व्यवस्था
खुटहन/जौनपुर। गौसपुर स्थित गौसपीर दरगाह के वार्षिक उर्स में बुधवार रात फाटक खुलते ही जायरीनों की भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से पहुंचे हजारों जायरीनों ने दरगाह पर मत्था टेककर मन्नतें मांगीं। भीड़ बढ़ने के साथ ही क्षेत्र की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
दो घंटे तक वाहनों की लगी लंबी कतार
मेला स्थल से जिला मुख्यालय की ओर करीब एक किलोमीटर आगे इमामपुर तक और दूसरी ओर खुटहन बाजार की तरफ तिघरा बाजार तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। तिघरा से इमामपुर तक करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे स्कूली बच्चों, नौकरी-पेशा लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एंबुलेंस और कैश वैन भी फंसी
जाम में एंबुलेंस और बैंक की कैश वैन भी फंसी रही। यातायात व्यवस्था संभालने और जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मी काफी देर तक मशक्कत करते नजर आए। जाम के कारण सड़क से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश से बढ़ी परेशानी
बीच-बीच में बारिश होने के कारण भीड़ के बीच अफरा-तफरी की स्थिति भी बनती रही। हजारों की भीड़ के बीच स्थानीय लोगों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। लोगों का आरोप रहा कि पर्याप्त सुरक्षा एवं यातायात प्रबंध नहीं होने के कारण पूरे दिन जाम की समस्या बनी रही।
