बलिया
बाबा रामदल सूरजदेव हॉस्पिटल में 51वां सफल कूल्हा प्रत्यारोपण
आयुष्मान कार्ड से मरीज का निःशुल्क उपचार
रसड़ा/बलिया। बाबा रामदल सूरजदेव हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, पकवाइनार में 51वां सफल कूल्हा प्रत्यारोपण किया गया। ग्रामसभा मुंडेरा निवासी फेंकू सिंह का विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने सफलतापूर्वक कूल्हा प्रत्यारोपण किया। खास बात यह रही कि आयुष्मान कार्ड योजना के तहत मरीज का उपचार पूरी तरह निःशुल्क किया गया।
चार घंटे चली जटिल सर्जरी
अस्पताल के आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक सिंह और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. योगेश कुमार के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने करीब चार घंटे तक चली सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य है।
स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अत्याधुनिक सुविधा
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि कूल्हा प्रत्यारोपण जैसी चिकित्सा सुविधा अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही है। आयुष्मान कार्ड धारक पात्र मरीजों को इस उपचार का लाभ निःशुल्क दिया जा रहा है, जिससे उन्हें इसके लिए दूर-दराज के बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सा के उच्च मानकों को स्थापित करने के साथ मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार को प्राथमिकता दी जा रही है।
स्थानीय स्तर पर इलाज विस्तार पर जोर
सुभासपा के प्रदेश महासचिव एवं रसड़ा विधानसभा क्षेत्र-358 के प्रभारी शिवेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अस्पताल अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर इलाज स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
