गोरखपुर
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में सेवा योगदान कार्यक्रम आयोजित
पेड़ लगाने के साथ स्वच्छता अभियान चलाया
गोलाबाजार/गोरखपुर। ‘विकसित भारत- विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत 24 सितंबर को विकास खंड गोला के परसिया और नीबी दुबे संकुल के विद्यालयों में ‘मेरा सेवा योगदान’ कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
विद्यालय परिसर और जलस्रोतों की हुई सफाई
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेन्द्र त्रिपाठी एवं खंड शिक्षा अधिकारी उदय शंकर राय के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इसके साथ ही जलस्रोतों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसरों में पौधे लगाए गए। साथ ही पोषण वाटिका के संवर्धन के लिए भी कार्य किया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
एसएमसी सदस्यों और अभिभावकों का सम्मान
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों, ग्राम प्रधानों एवं अभिभावकों के सम्मान का भी आयोजन किया गया। सेवा योगदान कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ स्थानीय लोगों ने सहभागिता कर अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया।
