गोरखपुर
निजी अस्पताल में महिला की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, पति ने थाने में दी तहरीर
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के तारामंडल स्थित एक निजी अस्पताल में महिला की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतका के पति शत्रुघ्न मिश्रा ने अस्पताल संचालक और कर्मचारियों के खिलाफ रामगढ़ताल थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
पित्त की थैली में पथरी का हुआ था ऑपरेशन
तहरीर के अनुसार, गगहा थाना क्षेत्र के जीवकर गांव निवासी शत्रुघ्न मिश्रा ने अपनी पत्नी सुमन देवी को पित्त की थैली में पथरी की शिकायत के चलते तारामंडल स्थित सत्या नर्सिंग होम एवं मैटरनिटी सेंटर में भर्ती कराया था। पति का कहना है कि 22 सितंबर को ऑपरेशन से पहले सुमन की हालत ठीक थी और वह स्वयं चलकर अस्पताल पहुंची थीं।
रात में हालत बिगड़ने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि 23 और 24 सितंबर की रात सुमन की हालत अचानक बिगड़ गई और वह दर्द से परेशान रहीं। पति ने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से मदद की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि समय पर उचित देखभाल नहीं मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच
पति ने अस्पताल संचालक और स्टाफ की कथित लापरवाही को मौत का जिम्मेदार बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत के वास्तविक कारण और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
