गाजीपुर
गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो शातिर अभियुक्त गिरफ्तार
बहरियाबाद गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरियाबाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को मुखबिर की सूचना पर ग्राम पलिवार में घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष बहरियाबाद बासदेव प्रसाद टीम के साथ अपराध नियंत्रण के लिए बहरियाबाद चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना बहरियाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 160/2026 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) से संबंधित दो वांछित अभियुक्त पलिवार गांव में मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम पलिवार में घेराबंदी कर शिवकरन राम पुत्र स्वर्गीय बरसाती राम (70 वर्ष) और शम्भू राम पुत्र स्वर्गीय नन्हकू राम (48 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों इसी गांव के निवासी हैं और उक्त गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे थे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बासदेव प्रसाद, उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र यादव सहित थाना बहरियाबाद के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
