भदोही
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों को लेकर डीएम ने दिए निर्देश
1 से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 12 से 31 अक्टूबर तक होगा दस्तक अभियान
भदोही। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने और माइक्रोप्लान के अनुसार शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डेंगू-मलेरिया समेत रोगों की रोकथाम पर जोर
डीएम ने मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभागों को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा। घर-घर सर्वे के दौरान बुखार, कुपोषण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण वाले बच्चों व परिवारों की पहचान कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सफाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव के निर्देश
उन्होंने एक अक्टूबर से पहले सभी तैयारियां पूरी करने तथा अभियान के दौरान नियमित सफाई, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग कराने को कहा। तालाबों, नालों और नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव तथा जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शौचालय और स्वच्छता पर विशेष जोर
डीएम ने गांवों और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के साथ शत-प्रतिशत शौचालय सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। विद्यालयों में प्रार्थना सभा और प्रभात फेरी के माध्यम से विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सभी विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल, सीएमएस, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, डीपीआरओ संजय मिश्रा, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, चिकित्साधिकारी एवं एमओआईसी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
