भदोही
‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की कल्पना को रंगों और शब्दों में उतार रहे विद्यार्थी
सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में पेंटिंग, भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन
भदोही, 21 सितंबर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान के नेतृत्व में जनपद में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न विद्यालयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता और विचारों को अभिव्यक्त करने के साथ विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी क्रम में रामसजीवन लाल इंटर कॉलेज में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिता हुई। विद्यार्थियों ने चित्रों और अपने विचारों के माध्यम से विकास की अपनी कल्पना प्रस्तुत की। भाषण प्रतियोगिता में शिक्षा, आत्मनिर्भरता, तकनीकी प्रगति, रोजगार, स्वच्छता और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विचार रखे गए।
जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं को अपनी प्रतिभा और ज्ञान के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
नेताजी राज नारायण इंटर कॉलेज, सर्वत खानी, भदोही में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ और ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं।
राजकीय हाईस्कूल लालानगर में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता हुई। विद्यार्थियों ने शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी प्रगति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचार व्यक्त किए।
राजकीय बालिका हाईस्कूल हरिहरपुर और राजकीय बालिका हाईस्कूल सदौपुर, अभोली में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरी।
इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से सृजनात्मक वातावरण बना रहा।
