गाजीपुर
हृदयाघात से शादियाबाद थाने पर तैनात दरोगा राजबली यादव का निधन
शादियाबाद गाजीपुर। स्थानीय थाना शादियाबाद पर तैनात उपनिरीक्षक राजबली यादव का रविवार देर शाम वाराणसी के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों और क्षेत्रीय लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
बताया गया कि रविवार सुबह उपनिरीक्षक राजबली यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें वाराणसी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान देर शाम उनका निधन हो गया। चिकित्सकों ने हृदय संबंधी समस्या को मौत का कारण बताया है।
उपनिरीक्षक राजबली यादव मूल रूप से गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के बड़वान गांव के निवासी थे। बताया गया कि वह लगभग एक माह बाद पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले थे। लंबे समय तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं देने वाले राजबली यादव के अचानक निधन से सहकर्मियों और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है।
उनके निधन की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की। शादियाबाद क्षेत्र में भी उनके निधन की खबर से शोक का माहौल बना हुआ है।
