गाजीपुर
मिशन शक्ति के तहत पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग
गाजीपुर, 20 सितंबर। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत रविवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी दी तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी निगरानी की।
इसके साथ ही जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीम ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण और चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए शोहदों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
