वाराणसी
एनएबीएच व क्यूसीआई टीम ने किया सीएचसी शिवपुर का निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और गुणवत्ता मानकों का लिया जायजा
वाराणसी। एनएबीएच और क्यूसीआई की टीम ने शनिवार को शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवपुर का निरीक्षण किया। टीम ने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, अभिलेखों और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

व्यवस्थाओं को बताया सराहनीय
एनएबीएच व क्यूसीआई की डायरेक्टर दीप्ति मोहन और असिस्टेंट डायरेक्टर पूर्वा गोस्वामी ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। टीम ने मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। अस्पताल की व्यवस्थाओं और किए जा रहे कार्यों को बेहतर एवं सराहनीय बताया।

गुणवत्तापूर्ण सेवा पर जोर
सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार ने टीम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह के दिशा-निर्देशन में मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक संतोष सिंह, अर्बन डिवीजन कंसल्टेंट मयंक राय, अर्बन कोऑर्डिनेटर आशीष सिंह सहित चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
