भदोही
बंजर प्रांगण से हरित विद्यालय तक, यूपीएस भगवास बना मिसाल
शिक्षक की पहल और बच्चों की मेहनत से बदली विद्यालय परिसर की तस्वीर
भदोही। ज्ञानपुर विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय भगवास ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनोखी मिसाल पेश की है। कभी बंजर और वीरान नजर आने वाला विद्यालय परिसर आज हरे-भरे पेड़-पौधों, फूलों की क्यारियों और हरियाली से आकर्षण का केंद्र बन गया है।
विद्यालय में यह बदलाव एक शिक्षक की सोच से शुरू हुए प्रयास का परिणाम है। वर्षों के निरंतर परिश्रम, पौधों की देखभाल और प्रकृति के प्रति समर्पण से बंजर भूमि को हरे-भरे परिसर में तब्दील किया गया। प्रधानाध्यापक और शिक्षकों की दूरदृष्टि के साथ साथी शिक्षकों तथा बच्चों के सहयोग ने इस प्रयास को नई दिशा दी।
आज विद्यालय का परिसर बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक पाठ भी पढ़ा रहा है। बच्चे स्वयं पौधों में पानी देते हैं और उनकी देखभाल करते हैं। इसके माध्यम से उनमें श्रम, जिम्मेदारी और प्रकृति के प्रति लगाव की भावना विकसित हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय में आया यह बदलाव केवल परिसर तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा भी दे रहा है। बंजर भूमि को हरियाली में बदलने का यह प्रयास सामूहिक सहयोग और निरंतर मेहनत की मिसाल बन गया है।
