Connect with us

आजमगढ़

पोखरे की जमीन पर शव दफनाने को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने जताई आपत्ति

Published

on

Loading...
Loading...

कप्तानगंज (आजमगढ़)।थाना क्षेत्र के बछुवापार गांव में पोखरे की जमीन पर एक व्यक्ति का शव दफनाए जाने को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत की जमीन पर बिना प्रस्ताव और पंचायत की सहमति के शव दफनाया गया। वहीं मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना है कि ग्राम प्रधान से बातचीत के बाद उनकी मौजूदगी में शव दफनाया गया।

पर्वों के आयोजन की जगह होने का दावा

गांव निवासी राधेश्याम यादव का कहना है कि जिस स्थान पर शव दफनाया गया है, वह ग्राम पंचायत की जमीन है। ग्रामीणों के अनुसार इसी स्थान पर जितिया और छठ समेत अन्य पर्वों के आयोजन होते हैं। इसी वजह से ग्रामीणों ने शव दफनाए जाने पर आपत्ति जताई है।

कब्रिस्तान के लिए जगह नहीं मिलने की बात

मुस्लिम समुदाय के लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से गांव में रह रहे हैं। पहले उनके परिवार के लोगों को दूसरे गांव स्थित कब्रिस्तान में दफनाया जाता था। समुदाय के अनुसार गांव में अलग कब्रिस्तान के लिए अब तक भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है। उनका दावा है कि शव दफनाने से पहले ग्राम प्रधान से बातचीत की गई थी।

अलग भूमि उपलब्ध कराने की मांग

ग्रामीण हरदेव यादव ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के लोग गांव के निवासी हैं, लेकिन कब्रिस्तान के लिए अलग स्थान उपलब्ध नहीं है। उन्होंने मांग की कि गांव में उपलब्ध बंजर या अन्य उपयुक्त भूमि में कब्रिस्तान के लिए स्थान निर्धारित किया जाए, ताकि भविष्य में विवाद की स्थिति न बने।

जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। भूमि की वास्तविक स्थिति और शव दफनाने की अनुमति से संबंधित तथ्य प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को किसी पक्ष की ओर से तहरीर दिए जाने की जानकारी नहीं थी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page