Connect with us

गाजीपुर

गाजीपुर में 10 से 25 सितंबर तक मिलेगा मुफ्त राशन

Published

on

Loading...
Loading...

अंत्योदय कार्डधारकों को गेहूं-चावल के साथ मिलेगी तीन किलो चीनी, पोर्टेबिलिटी सुविधा नहीं

गाजीपुर, 9 सितंबर 2026। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत माह सितंबर 2026 के सापेक्ष आवंटित खाद्यान्न का वितरण 10 सितंबर से 25 सितंबर तक किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में गेहूं और चावल निःशुल्क वितरित किया जाएगा।

अंत्योदय कार्ड पर 35 किलो अनाज

अंत्योदय अन्न योजना के राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम चावल, यानी कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पर प्रति यूनिट एक किलोग्राम गेहूं और चार किलोग्राम चावल निःशुल्क वितरित किया जाएगा।

54 रुपये में मिलेगी तीन किलो चीनी

अंत्योदय कार्डधारकों को जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 की तिमाही के सापेक्ष तीन किलोग्राम चीनी 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से कुल 54 रुपये में दी जाएगी। चीनी के लिए पोर्टेबिलिटी की सुविधा नहीं होगी। लाभार्थी अपनी मूल उचित दर दुकान से ही चीनी प्राप्त कर सकेंगे।

ई-पास मशीन पर दिखेगा मूल्य

ई-पास मशीन से निकलने वाली वितरण पर्ची पर गेहूं, चावल और बाजरा का मूल्य शून्य तथा चीनी का मूल्य 18 रुपये प्रति किलोग्राम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होगा। वन नेशन वन राशनकार्ड योजना से जुड़े लाभार्थी पोर्टेबिलिटी के तहत अपनी इच्छानुसार किसी भी दुकान से खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।

Advertisement

25 सितंबर को ओटीपी से भी मिलेगा राशन

वितरण की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गई है। आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त न कर पाने वाले उपभोक्ताओं को 25 सितंबर को मोबाइल ओटीपी वेरीफिकेशन के माध्यम से निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।

सुबह आठ से शाम छह बजे तक वितरण

जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि राशन का वितरण सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक सुनिश्चित करें। भारत सरकार द्वारा 1 जनवरी 2024 से आगामी पांच वर्ष तक निःशुल्क खाद्यान्न वितरण में आने वाले सम्पूर्ण व्ययभार का वहन किया जाएगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page