Connect with us

गाजीपुर

अज्ञात वाहन की टक्कर से छुट्टा गोवंश की मौत, सड़क पर पड़ा रहा शव

Published

on

Loading...
Loading...

नंदगंज बाजार में छुट्टा गोवंश से हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने गोशाला भेजने और मृत पशुओं को तत्काल उठाने की मांग की

नंदगंज, गाजीपुर। नंदगंज बाजार के चोचकपुर मोड़ के पास बुधवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक छुट्टा गोवंश की मौत हो गई। हादसे के बाद मृत गोवंश काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

बाजार और हाईवे पर घूम रहे छुट्टा गोवंश

स्थानीय लोगों के अनुसार इन दिनों नंदगंज बाजार और आसपास के क्षेत्रों में छुट्टा गोवंश के दर्जनों बच्चे घूम रहे हैं। बाजार की सड़कों और हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच इनके विचरण से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों का आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित अधिकारी और कर्मचारी छुट्टा गोवंश को पकड़कर गोशाला पहुंचाने को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

आए दिन हो रहे हादसे

ग्रामीणों का कहना है कि वाहनों की चपेट में आने से आए दिन छुट्टा गोवंश घायल अथवा मृत हो रहे हैं। दुर्घटना के बाद मृत पशुओं को समय से सड़क से हटाने की व्यवस्था भी नहीं होने से समस्या और बढ़ जाती है। कई बार स्थानीय लोग ही किसी तरह मृत पशुओं को सड़क से हटाकर नदी किनारे या अन्य स्थान पर ले जाकर छोड़ते हैं।

दुर्गंध से भी लोग परेशान

स्थानीय लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर मृत पशुओं के शव कई दिनों तक पड़े रहते हैं, जिससे आसपास दुर्गंध फैलती है। इससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी होती है। लोगों ने प्रशासन से बाजार और हाईवे पर घूम रहे छुट्टा गोवंश को तत्काल पकड़कर गोशाला पहुंचाने की मांग की है।

Advertisement

ग्रामीणों ने साथ ही मृत पशुओं को दुर्घटना के बाद तत्काल उठाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि सड़क पर आवागमन प्रभावित न हो और लोगों को दुर्गंध की समस्या से भी निजात मिल सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page