गाजीपुर
यूजीसी नीतियों के विरोध में सवर्ण समाज का प्रदर्शन
आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
जमानियां (गाजीपुर)। तहसील मुख्यालय के सामने रामलीला मैदान में सोमवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (युवा) और सवर्ण समाज के नेतृत्व में यूजीसी की नीतियों के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जातिगत आरक्षण की जगह आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने सहित विभिन्न मांगें उठाईं। आंदोलनकारियों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी निधि को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (युवा) के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था में सुधार किया जाना चाहिए और जातिगत आधार के बजाय आर्थिक स्थिति को इसका आधार बनाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इससे समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों को आरक्षण का वास्तविक लाभ मिल सकेगा। उन्होंने सामान्य वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए सवर्ण आयोग के गठन की भी मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी की नई नीतियों को वापस लेने, सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए पांच लाख रुपये तक का एजुकेशन कार्ड लागू करने तथा आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि इन मांगों को लेकर सवर्ण समाज लगातार धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से अपनी आवाज उठा रहा है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सवर्ण समाज के जिलाध्यक्ष अमित सिंह, अमरेंद्र सिंह, विनय सिंह, वीरेंद्र राय उर्फ शाही, अजीत कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, रौशन सिंह, याकूब खान, धर्मेंद्र कुमार सिंह, विनय कुमार सिंह, विकास सिंह, अमरनाथ सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
