गोरखपुर
तहसील समाधान दिवस में 125 शिकायतें, 10 का मौके पर निस्तारण
सहजनवा में राजस्व विभाग से जुड़े सबसे अधिक 110 मामले पहुंचे, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
सहजनवा (गोरखपुर)। सहजनवा तहसील सभागार में शनिवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी नमन मेहता की अध्यक्षता में किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 125 मामले आए, जिनमें मौके पर 10 शिकायतों का निस्तारण किया गया। शेष 115 मामलों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र जांच कर नियमानुसार निस्तारण करने का निर्देश दिया गया।
राजस्व विभाग की 110 शिकायतें
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। राजस्व विभाग के 110 मामले प्राप्त हुए। इसके अलावा पुलिस विभाग के सात, आपूर्ति विभाग के चार, विद्युत विभाग के दो तथा नगर पंचायत और समाज कल्याण विभाग से एक-एक मामला आया। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
जल्द निस्तारण का निर्देश
एसडीएम नमन मेहता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर उनका जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा फरियादियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस दौरान तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार राम सूरज, बीडीओ पाली बृजेश यादव, बीडीओ सहजनवा सत्यकांत तोमर सहित तहसील के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
