भदोही
तीन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नगर पालिका में दी गई भावुक विदाई
नलकूप चालक राजाराम समेत दो सफाईकर्मियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह से सम्मान
गोपीगंज। नगर पालिका कार्यालय में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान में भावुक एवं गरिमामयी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर पालिका परिवार के नलकूप चालक राजाराम, सफाई कर्मी मुख्तार अंसारी एवं सफाई कर्मी मदीना बेगम को भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तीनों कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में नगर पालिका एवं नगरवासियों के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
अध्यक्ष ने कहा कि लंबे समय तक नगर पालिका परिवार का हिस्सा रहे इन कर्मचारियों की सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके सेवानिवृत्त होने से नगर पालिका परिवार को उनकी कमी महसूस होगी।
विदाई समारोह के दौरान कर्मचारियों और सहकर्मियों के बीच भावुक माहौल रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
