चन्दौली
बारिश में कच्चा मकान भरभराकर गिरा, परिवार बाल-बाल बचा
फगुनीपुर में हादसे के बाद घर का सामान मलबे में दबा, पीड़ित परिवार के सामने रहने का संकट
बबुरी (चन्दौली)। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। फगुनीपुर गांव में बुधवार को बारिश के चलते जर्जर हो चुका एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। संयोगवश घटना के समय परिवार के लोग मकान के बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया और सभी लोग सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी रमेश अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में रह रहे थे। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारें और छत पहले से ही काफी कमजोर हो गई थीं। बुधवार को अचानक मकान धराशायी हो गया। मकान गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए।
मकान गिरने से उसमें रखा बेड, बिस्तर, राशन, आलमारी और अन्य जरूरी सामान मलबे में दब गया। इससे पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण गांव में कई कच्चे मकान जर्जर हालत में हैं। ऐसे मकानों में रहने वाले परिवारों को हर समय हादसे का डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार के नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कराकर उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जर्जर कच्चे मकानों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास की सुविधा दिलाने की भी मांग की गई है।
