गाजीपुर
गाजीपुर की जर्जर सड़कों के विरोध में घोड़ा-गाड़ी पर निकले कांग्रेस कार्यकर्ता
सड़कों की बदहाली, भ्रष्टाचार और नगर पालिका की कथित लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन; डीएम प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन
गाजीपुर। शहर की बदहाल और जर्जर सड़कों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में घोड़ा-गाड़ी पर सवार होकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय राजदेपुर से घोड़ा-गाड़ी लेकर नवाबगंज, नखास, मिश्रबाजार, लंका होते हुए कचहरी पहुंचे। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए शहर की जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत और निर्माण की मांग की।
सड़कों की बदहाली पर नगर पालिका को घेरा
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही, उदासीनता और कथित भ्रष्टाचार के कारण गाजीपुर शहर की सड़कें कई वर्षों से बदहाल होती जा रही हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि करोड़ों रुपये के विकास और सड़क निर्माण के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत में शहर की अधिकांश सड़कें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।
दुर्घटनाओं का बढ़ा खतरा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जर्जर सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। महिलाओं और बच्चियों समेत सवारियों से भरे ई-रिक्शा गड्ढों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। मोटरसाइकिल सवार भी सड़क की खराब स्थिति के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। खराब सड़कों पर लगातार हिचकोले खाते हुए यात्रा करने से लोगों को शारीरिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
कराए गए कार्यों की जांच की मांग
जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि गाजीपुर शहर की सड़कें प्रदेश की सबसे खराब सड़कों में शामिल होती जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के बावजूद सड़कें बदहाल क्यों हैं और सड़क निर्माण एवं मरम्मत के नाम पर खर्च होने वाले धन की निष्पक्ष जांच क्यों न कराई जाए। उन्होंने सभी जर्जर सड़कों को तत्काल गड्ढामुक्त कराने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की मांग की।
जवाबदेही तय करने की मांग
शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एवं पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर हर वर्ष बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद सड़कें कुछ ही समय में टूट जाती हैं। उन्होंने नगर पालिका द्वारा कराए गए सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
पूर्व अध्यक्ष डॉ. मारकंडेय सिंह एवं सेवा दल जिला अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने कहा कि जनता टैक्स दे रही है, लेकिन उसे चलने लायक सड़क तक नहीं मिल रही है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन ने जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस जनता को साथ लेकर बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
सर्वे कराकर तत्काल मरम्मत की मांग
कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से शहर की सभी जर्जर सड़कों का तत्काल सर्वे कराने, गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाने, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी सड़क निर्माण कराने तथा नगर पालिका द्वारा कराए गए निर्माण व मरम्मत कार्यों की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में बटुक नारायण मिश्रा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, राजीव सिंह, राजेश गुप्ता, सदानंद गुप्ता, चंद्रिका सिंह, राम नगीना पांडेय, राशिद भाई, रईस अहमद, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, अखिलेश यादव, आलोक यादव, जेपी पांडेय, संजय साहू, कमला यादव, रमेश चंद्र गुप्ता, ताहिर अब्बासी, राफे भाई, संजय सिंह सहित शहर की सम्मानित जनता मौजूद रही।
