Connect with us

गाजीपुर

डेंगू के 14 मरीज मिले, 13 स्वस्थ; एक का लखनऊ में इलाज जारी

Published

on

Loading...
Loading...

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 5,941 लोगों की रैपिड किट से जांच; मेडिकल कॉलेज में डेंगू वार्ड खाली

गाजीपुर। जिले में इस वर्ष 1 जनवरी से अब तक डेंगू के 14 मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इनमें से 13 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि एक मरीज का लखनऊ के अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी हालत में सुधार बताया गया है। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज गाजीपुर के डेंगू वार्ड में कोई मरीज भर्ती नहीं है।

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जेएन सिंह ने बताया कि चिन्हित 14 मरीजों में से अधिकांश अन्य राज्यों से संक्रमित होकर गाजीपुर पहुंचे थे। इनमें महाराष्ट्र के छह, गुजरात के तीन, दिल्ली के दो, राजस्थान का एक मरीज शामिल है, जबकि दो मरीज जुलाई और 12 मरीज अगस्त में चिन्हित किए गए।

5941 मरीजों की रैपिड किट से जांच

डेंगू की रोकथाम के लिए जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेज में बुखार के मरीजों की लगातार स्क्रीनिंग की जा रही है। अब तक 5,941 मरीजों की रैपिड किट से जांच की जा चुकी है। मेडिकल कॉलेज की लैब में 413 मरीजों की एलाइजा जांच हुई, जिसमें 13 मरीज पॉजिटिव मिले।

मेडिकल कॉलेज में मच्छरदानी युक्त 10 बेड का डेंगू वार्ड क्रियाशील है, जबकि ब्लॉक स्तरीय चिकित्सालयों में 80 मच्छरदानी युक्त बेड उपलब्ध हैं। पॉजिटिव मरीजों के क्षेत्रों में केस आधारित निरोधात्मक कार्रवाई तत्काल कराई जा रही है। इसके लिए सभी ब्लॉकों में रैपिड रिस्पांस टीमें सक्रिय हैं।

Advertisement

जलजमाव रोकने की अपील

जिलाधिकारी के निर्देश पर मरीजों के क्षेत्रों में साफ-सफाई और जागरूकता अभियान के लिए पंचायतीराज, नगर विकास, कृषि, पशुपालन और शिक्षा विभाग के साथ समन्वय किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास जलजमाव नहीं होने देने, कूलर का पानी नियमित निकालने, पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनने और सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की अपील की है। बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क जांच और उपचार कराने तथा खुद से दवा न लेने की सलाह दी गई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page