वाराणसी
राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थ शंभू ने महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि से की शिष्टाचार मुलाकात
प्रथम काशी आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, संगठन की भावी रणनीति पर हुई चर्चा
वाराणसी, 2 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय टीम में राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रथम काशी आगमन पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ शंभू ने बुधवार को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के आवास पर पहुंचकर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान महानगर अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय टीम में सचिव का दायित्व मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे पूर्वांचल के साथ बिहार और उत्तर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ शंभू का लंबा संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यकुशलता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगी।
सिद्धार्थ शंभू ने स्वागत के लिए महानगर अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और तत्परता से निर्वहन करेंगे। पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान संगठन की भावी रणनीतियों, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न सांगठनिक विषयों पर भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई। इस अवसर पर महानगर मंत्री अमित खरे सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
