बलिया
हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं क्षेत्रवासी : शिवेंद्र बहादुर सिंह
15 अगस्त पर घर-घर तिरंगा फहराने की अपील, बोले- राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान और शान
रसड़ा (बलिया)। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाने के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं रसड़ा विधानसभा प्रभारी शिवेंद्र बहादुर सिंह ने क्षेत्रवासियों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील की है।
तिरंगा देश की आन-बान और शान
शिवेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को अपने घर, प्रतिष्ठान और संस्थान पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर भी है।
नई पीढ़ी को बलिदान से कराएं परिचित
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर चल रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों में देशप्रेम की भावना को मजबूत कर रहा है। तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। साथ ही आने वाली पीढ़ी को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से परिचित कराना भी सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के लोगों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस को गौरव और उत्साह के साथ मनाने की अपील की।
