गाजीपुर
शेरपुर ग्रामीण स्टेडियम बदहाल, सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ी परेशान
जर्जर टिन शेड, खराब हैंडपंप, बंद शौचालय और खराब हाईमास्ट लाइट से बढ़ी दिक्कत
भांवरकोल (गाजीपुर)। शेरपुर स्थित ग्रामीण स्टेडियम इन दिनों बदहाली का शिकार है। जिस परिसर में युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखरना चाहिए, वहां गंदगी और अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। परिसर में ऐतिहासिक अष्ट शहीद स्मारक भी स्थित है, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी से इसकी स्थिति लगातार खराब हो रही है।
स्टेडियम का टिन शेड जर्जर हो चुका है और बारिश में पानी टपकता है। खिड़कियों पर जाली नहीं होने से कबूतरों के कारण परिसर में गंदगी रहती है। दो हैंडपंपों में एक खराब है, जबकि दूसरे से काफी देर चलाने के बाद पानी निकलता है। नए शौचालयों पर ताला लगा है और पुराने शौचालयों में पानी की व्यवस्था नहीं है।
विधायक मन्नू अंसारी द्वारा लगवाई गई हाईमास्ट लाइट भी खराब पड़ी है। स्टेडियम में पंखे की व्यवस्था नहीं होने से गर्मी और उमस में खिलाड़ियों को परेशानी होती है। सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है।
इसके बावजूद स्थानीय युवा सुबह-शाम यहां व्यायाम और वॉलीबॉल खेलने पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्टेडियम और अष्ट शहीद स्मारक परिसर की तत्काल मरम्मत, सफाई और सुविधाओं के विस्तार की मांग की है।
