वाराणसी
हरहुआ में भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता के जयकारे
स्कूली बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा, राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
हरहुआ। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को भाजपा हरहुआ मंडल की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला महामंत्री एवं मंडल प्रभारी संजय सोनकर तथा मंडल अध्यक्ष आशुतोष मिश्र (अजय) के नेतृत्व में निकली यात्रा में क्षेत्रवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
तिरंगा यात्रा हरहुआ चौराहे से शुरू होकर हरहुआ बाजार होते हुए कोइराजपुर मोड़ पहुंची। इस दौरान व्यापारियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को तिरंगा वितरित किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में एसआर कॉन्वेंट और सनबीम बाबतपुर के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों के राष्ट्रभक्ति के नारों से माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
यात्रा पुनः हरहुआ चौराहे पर पहुंचकर समाप्त हुई, जहां सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। मंडल अध्यक्ष आशुतोष मिश्र ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष अखंड सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अपराजिता सोनकर समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रधान, व्यापारी, ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
