भदोही
श्रावण की महाशिवरात्रि पर भदोही पुलिस अलर्ट
शिव मंदिरों, गंगा घाटों और कांवड़ मार्गों पर तैनात रहेगा पुलिस बल, यातायात व्यवस्था पर भी नजर
भदोही। श्रावण मास की महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को लेकर भदोही पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रमुख शिव मंदिरों, गंगा घाटों और कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल और क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने सेमराधनाथ मंदिर, कोईरौना और गंगा घाट का संयुक्त भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सतर्कता के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार भ्रमण कर कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं।
अधिकारियों ने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतने और श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं।
