गाजीपुर
खाद के लिए जमानिया समिति पर उमड़ी किसानों की भीड़
घंटों कतार में खड़े रहे किसान, वितरण में गड़बड़ी के आरोप के बाद अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था
जमानिया। खाद की किल्लत के बीच मंगलवार को जमानिया क्रय-विक्रय समिति पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही किसान खाद लेने के लिए समिति परिसर में पहुंच गए और लंबी कतार लग गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण कराया गया।
खाद वितरण में अनियमितता की शिकायत पर अपर जिला सहकारी अधिकारी सतीश चंद, समिति सचिव राकेश सिंह और नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और व्यवस्था का जायजा लिया। किसानों रोशन, मनीष और संदीप कुमार समेत अन्य ने आरोप लगाया कि निर्धारित दो बोरी खाद के बजाय कुछ लोगों को पांच बोरी तक खाद दिए जाने की शिकायत है। किसानों ने टोकन व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई।
किसानों का कहना था कि वे सुबह से कतार में खड़े रहे, लेकिन पहले से बांटे गए टोकन के कारण कई लोगों को खाद मिलने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। इससे कतार में लगे किसानों में नाराजगी देखने को मिली।
अपर जिला सहकारी अधिकारी सतीश चंद ने बताया कि मंगलवार को पहले से जारी टोकन के आधार पर खाद वितरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब टोकन व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। आगे मौके पर मौजूद किसानों को निर्धारित मात्रा के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
