गाजीपुर
शहीदों को नमन कर निकली भाजपा की तिरंगा यात्रा
देशभक्ति से गूंजा गाजीपुर
डिलिया से सैनिक चौराहा तक बाइक सवार युवाओं ने लहराया तिरंगा, भारत माता के जयघोष से गूंजा मार्ग
गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और राष्ट्र रक्षा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से विभिन्न मंडलों में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसी क्रम में भाजपा गाजीपुर सदर पश्चिमी मंडल की तिरंगा यात्रा मंडल प्रभारी संकठा प्रसाद मिश्र और मंडल अध्यक्ष काशी चौहान के नेतृत्व में निकाली गई।
यात्रा की शुरुआत डिलिया ग्राम पंचायत स्थित शहीद पतिराम पाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद हुई। बड़ी संख्या में युवा बाइक पर हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुन पर उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए।
सैनिक चौराहे पर वीर सैनिक को किया नमन
तिरंगा यात्रा तलवल मोड़, शेखपुर, महाराजगंज, हेतिमपुर, अतरौली, तुलसीपुर और सरैया होते हुए सैनिक चौराहा पहुंची। यहां वीर सैनिक की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा का समापन हुआ।
पूरे यात्रा मार्ग पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष गूंजते रहे। सैकड़ों बाइक सवार युवाओं के हाथों में लहराते तिरंगे से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में नजर आया।
तिरंगा एकता और स्वाभिमान का प्रतीक
मंडल प्रभारी संकठा प्रसाद मिश्र ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों और देश की रक्षा में जुटे वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
यात्रा में जिला कोषाध्यक्ष अच्छेलाल गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, जिला मंत्री सुमन बिंद, पूर्व जिला मंत्री सुरेश बिंद, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल राय, मुरली कुशवाहा, उदय प्रताप सिंह, विनोद राय, विवेक मिश्रा, आशा प्रजापति, ममता साहनी, सोनू गिरी, रंजीत कुमार, संतोष प्रजापति, पवन कुमार, कमलेश, चंदन, पुनीत समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और राष्ट्रप्रेमी युवा मौजूद रहे।
