बलिया
अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार को भेजी एक लाख की मदद
विधायक जियाउद्दीन रिजवी ने घर पहुंचकर सौंपा चेक, इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से संकट में था परिवार
सिकंदरपुर (बलिया)। विधानसभा क्षेत्र के सिसोटार ग्राम सभा अंतर्गत बसारीखपुर गांव में इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
तीन बेटियों को पीछे छोड़ गया मृतक
बताया गया कि परिवार के इकलौते बेटे की हाल ही में मौत हो गई थी। मृतक अपने पीछे तीन मासूम बेटियों को छोड़ गया है। कमाऊ सदस्य के निधन के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों की परवरिश का संकट खड़ा हो गया था।
विधायक ने सौंपा सहायता राशि का चेक
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक मो. जियाउद्दीन रिजवी ने मामले से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अवगत कराया। परिवार की स्थिति को देखते हुए अखिलेश यादव ने पार्टी कोष से एक लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की।
सोमवार को विधायक मो. जियाउद्दीन रिजवी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और अखिलेश यादव की ओर से एक लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
परिजनों ने जताया आभार
आर्थिक सहायता मिलने पर परिजनों ने अखिलेश यादव और विधायक जियाउद्दीन रिजवी के प्रति आभार जताया। इस दौरान रामजी यादव, भीष्म यादव, अनंत मिश्रा समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।
