बलिया
बाढ़ से बचाव की तैयारियां परखने बलिया पहुंची यूपीएसडीएमए-यूएनडीपी की टीम
कटान स्थलों, बाढ़ शरणालयों और कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, राहत व्यवस्था की समीक्षा
आपदा के समय विभागों में बेहतर समन्वय और लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश
बलिया। संभावित बाढ़ और कटान से बचाव की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) और यूएनडीपी (UNDP) की संयुक्त टीम बलिया पहुंची। टीम ने जिला आपदा कंट्रोल रूम, मॉडल बाढ़ शरणालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों की स्थिति परखी।
कटान स्थलों का किया निरीक्षण
संयुक्त टीम ने ग्राम पंचायत गोपालपुर के दुबेछपरा और बांसडीह तहसील क्षेत्र स्थित कटान स्थलों का निरीक्षण किया। यूपीएसडीएमए के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर प्रवीण किशोर, एक्सपर्ट मानवेंद्र प्रताप सिंह और यूएनडीपी के डॉ. सैयद मोहम्मद इमरान ने अधिशासी अभियंता संजय कुमार मिश्र के साथ मानचित्र के जरिए कटानरोधी निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति और प्रगति की समीक्षा की।
इसके बाद टीम ने जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिल कुमार के साथ बैठक कर जिले में बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों का आकलन किया।
बाढ़ चौकी पर आपात सेवाओं की जानकारी ली
दुबेछपरा स्थित हनुमान मंदिर परिसर की बाढ़ चौकी पर टीम ने चिकित्सा, पशुपालन, एनडीआरएफ और पीएसी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बाढ़ की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय और आपातकालीन सेवाओं को लेकर चर्चा की गई।
राहत किट की गुणवत्ता भी परखी
टीम ने मॉडल बाढ़ शरणालयों में वितरित की जाने वाली राहत किट की गुणवत्ता की भी जांच की। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए प्रभावित लोगों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें।
