मध्य प्रदेश
हर सप्ताह सफाई, फिर भी आधी ट्रॉली कचरा
56वें अभियान में बेलाताल से फिर निकला सप्ताहभर में जमा कचरा, अब प्रशासनिक सख्ती की मांग
हरीश पटेल बोले- सफाई के साथ कचरा डालने पर रोक और नियमित निगरानी जरूरी
दमोह (मध्यप्रदेश)। बेलाताल को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में टीम उम्मीद ने रविवार को 56वां साप्ताहिक स्वच्छता अभियान चलाया। सुबह सात से नौ बजे तक चले अभियान में तालाब के घाटों और आसपास से करीब आधी ट्रॉली कचरा बाहर निकाला गया। लगातार सफाई के बावजूद हर सप्ताह दोबारा कचरा जमा होने से अभियान से जुड़े स्वयंसेवकों में चिंता है।
सफाई के बाद फिर जमा हो जाता है कचरा
टीम उम्मीद के अनुसार, लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद कुछ ही दिनों में बेलाताल के घाटों और आसपास कचरा फिर जमा हो जाता है। हरीश पटेल के नेतृत्व में टीम करीब दसवीं बार घाटों की सफाई कर चुकी है। स्वयंसेवकों का कहना है कि सफाई के बाद घाट सुंदर नजर आते हैं, लेकिन लोगों द्वारा दोबारा कचरा डालने से स्थिति बिगड़ जाती है।
कचरा डालने वालों पर जुर्माने की मांग
स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल ने कहा कि बेलाताल शहर की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसे स्वच्छ रखना प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से प्रमुख स्थानों पर कूड़ा और पूजा सामग्री डालने पर जुर्माने संबंधी सूचना बोर्ड लगाने तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि केवल सफाई करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। कचरा डालने पर रोक और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी जरूरी है। उन्होंने शहरवासियों से तालाब में पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा नहीं डालने की अपील की।
स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान
नगर पालिका प्रशासन के सहयोग से आयोजित अभियान में हरीश पटेल के साथ टीम उम्मीद के शिवम सोनी, नीलेश सेन, अनीता रैकवार, प्रिया शुक्ला, नीलम सैनी, संतोष रैकवार, देवांश सैनी, प्रियांश सैनी और योग गुरु भरत दुबे ने श्रमदान किया।
स्वयंसेवकों ने कहा कि 56 सप्ताह से चल रहा अभियान यही संदेश दे रहा है कि बेलाताल को बार-बार साफ करने से ज्यादा जरूरी उसे दोबारा गंदा होने से रोकना है।
