बलिया
जय बजरंग बली विराट कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाया दम
मेरठ, अयोध्या समेत पूर्वांचल के पहलवानों ने आजमाए दांव-पेच, दर्शकों ने बढ़ाया उत्साह
पूर्व सपा कोषाध्यक्ष डॉ. शुएबुल इस्लाम ने पहलवानों का हाथ मिलाकर किया दंगल का शुभारंभ
सिकंदरपुर (बलिया)। तहसील क्षेत्र के मासूमपुर (बहेरी) में स्वर्गीय रामानंद यादव की स्मृति में ‘जय बजरंग बली विराट कुश्ती दंगल’ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला कोषाध्यक्ष डॉ. शुएबुल इस्लाम ने पहलवानों का हाथ मिलाकर किया।
दंगल में मेरठ, अयोध्या, नंदिनी नगर (गोंडा), वाराणसी, गोरखपुर, मऊ, बलिया और छपरा समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से पहुंचे नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। अखाड़े में पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव-पेच और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और तालियों के साथ पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्य अतिथि डॉ. शुएबुल इस्लाम ने कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन और गौरवशाली खेल परंपरा है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में इस पारंपरिक खेल को बढ़ावा मिलता है और नई पीढ़ी को कुश्ती से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि अवसर मिलने पर सिकंदरपुर में पहलवानों और युवाओं के लिए भव्य अखाड़ा बनवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिल सके और स्थानीय पहलवान राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।
आयोजकों ने जताया आभार
कार्यक्रम में आयोजक विजेंद्र (पुन्नू) पहलवान, गामा राजभर, जितेंद्र कुमार यादव, ब्रह्मानंद यादव, दीपक यादव और अनिल पांडेय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजक पुन्नू यादव ने अतिथियों, पहलवानों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
