बलिया
स्व. उमाशंकर सिंह की सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा 13 अगस्त को
गांधी पार्क में जुटेंगे विभिन्न दलों के नेता, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की होगी भागीदारी
नगर पालिका सभागार में बैठक कर आयोजन की तैयारियों पर बनी सहमति
रसड़ा (बलिया)। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्व. उमाशंकर सिंह के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए 13 अगस्त, गुरुवार को अपराह्न तीन बजे रसड़ा के गांधी पार्क में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और आम नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।
अंतिम यात्रा में उमड़ा था जनसैलाब
स्व. उमाशंकर सिंह की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी थी। पैतृक गांव खनवर से लेकर शिवरामपुर बयासी घाट तक हजारों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी थी। अंतिम यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों और आम नागरिकों की भागीदारी ने उनकी व्यापक लोकप्रियता को सामने रखा।
नगर पालिका सभागार में हुई बैठक
श्रद्धांजलि सभा के आयोजन को लेकर नगर पालिका परिषद रसड़ा के सभागार में चेयरमैन विनयशंकर जायसवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से 13 अगस्त को गांधी पार्क में कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने स्व. उमाशंकर सिंह के व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में दीनानाथ सिंह, राजेश कुमार, मान सिंह, प्रवीण सिंह, सुरेश चंद जायसवाल, संदीप सोनी, शिशिर श्रीवास्तव, बनारसी प्रसाद वर्मा, प्रताप नारायण जायसवाल, गुलजार अहमद और अनिल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। बैठक में 50 से अधिक लोगों ने भाग लिया। संचालन अर्जुन जी जायसवाल ने किया।
