वाराणसी
पति से कहासुनी के बाद महिला ने फांसी लगाकर दी जान
पिंडरा के करखियांव गांव में देर रात की घटना, दो बेटों के सिर से उठा मां का साया
कमरे में साड़ी के सहारे फंदे से लटकी मिली महिला, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव (धनखरी) गांव में शनिवार देर रात पति से कहासुनी के बाद एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, करखियांव गांव निवासी उदयभान यादव की पत्नी रिंकी यादव (35) शनिवार रात खाना खाने के बाद पति के साथ प्रथम तल स्थित कमरे में सोने चली गई थी। सोने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों कमरे में सो गए।
रात में दूसरे तल पर फंदे से लटकी मिली
बताया गया कि रात करीब 12:30 बजे उदयभान की नींद खुली तो रिंकी बिस्तर पर नहीं थी। पत्नी की तलाश करते हुए वह दूसरे तल पर पहुंचा। वहां एक कमरे में रिंकी साड़ी के सहारे फंदे से लटकी मिली। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
परिजन आनन-फानन में रिंकी को फंदे से उतारकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई की तहरीर पर पुलिस ने भेजा पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके से भी परिजन मौके पर पहुंचे। मृतका के भाई राहुल की तहरीर पर उपनिरीक्षक आकाश गोंड ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, रिंकी की शादी वर्ष 2009 में उदयभान यादव के साथ हुई थी। उसका मायका जौनपुर के रतनूपुर में है। मृतका के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 13 और 11 वर्ष बताई गई है। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों समेत परिवार में शोक का माहौल है।
